पूर्वी सिंहभूम। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (पीसीएपी), जमशेदपुर की ओर से जोजोबेड़ा स्थित राजकीय हरिजन मध्य विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत 200 फलदार एवं फूलदार पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। उन्हें पौधों की देखभाल और हरित वातावरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
इस अवसर पर आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने कहा कि पर्यावरण संकट का मुख्य कारण मनुष्य का बढ़ता स्वार्थ और प्रकृति के प्रति असंवेदनशीलता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि लोगों को अपने विचारों और व्यवहार में भी सकारात्मक बदलाव लाना होगा।
उन्होंने नव्य मानवतावाद की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़-पौधे, पशु-पक्षी और सभी जीव-जंतु पृथ्वी परिवार के अभिन्न सदस्य हैं। यदि मनुष्य इन्हें परिवार का हिस्सा मानकर संरक्षण करेगा, तभी पर्यावरण सुरक्षित और संतुलित रह सकेगा।
संस्था ने बताया कि ऑक्सीजन का संतुलन बनाए रखने और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में पौधों का वितरण और पर्यावरण जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
