नई दिल्ली। छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके की गुरुवार को तबीयत खराब हो गई। उन्होंने बताया कि उन्हें तेज बुखार और शरीर में दर्द है, जिसके कारण कुछ समय के लिए आराम करना पड़ रहा है।
अभिजीत दीपके ने सामाजिक माध्यम एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें बुखार और शरीर में तेज दर्द है। अब तक वह दर्द की दवा लेकर काम चला रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें कुछ घंटे आराम की जरूरत है।
उन्होंने लिखा कि यदि लोग उन्हें जंतर-मंतर पर न देख पाएं तो इसके लिए क्षमा करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि आराम के बाद शाम तक वह फिर से प्रदर्शन स्थल पर लौट आएंगे।
‘संसद चलो’ मार्च के बाद चर्चा में है सीजेपी
उल्लेखनीय है कि छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रही सीजेपी ने 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ मार्च का आह्वान किया था। इसके बाद हजारों छात्र एकजुट होकर दिल्ली में प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे।
प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, प्रश्नपत्र लीक और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
