नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज इबादत हुसैन अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं जाएंगे। वह पूरे टेस्ट दौरे से बाहर रहेंगे।
पारिवारिक कारण से नहीं जाएंगे ऑस्ट्रेलिया
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार, इबादत हुसैन अपने पहले बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहने के लिए बांग्लादेश में ही रहेंगे। बांग्लादेश की टीम 13 अगस्त से डार्विन में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी। यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है।
तस्कीन अहमद ने एलपीएल छोड़ी
इबादत की अनुपस्थिति के बीच टीम को राहत भी मिली है। तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की बेहतर तैयारी के लिए श्रीलंका प्रीमियर लीग से अपना नाम वापस ले लिया है।
तस्कीन ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी करना है। उन्होंने बताया कि लगातार मैच खेलने के बाद यदि वह लीग में भी हिस्सा लेते तो टेस्ट क्रिकेट की तैयारी प्रभावित होती। इसलिए उन्होंने लीग से हटने का फैसला किया।
नाहिद राणा और लिटन दास की फिटनेस पर नजर
बांग्लादेश के लिए तेज गेंदबाज नाहिद राणा की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। उनकी चोट की स्कैन रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं अनुभवी बल्लेबाज लिटन दास पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और टीम को उम्मीद है कि वह टेस्ट सीरीज तक फिट हो जाएंगे।
बांग्लादेश की टीम अगले महीने की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया पहुंचेगी। वहां 3 अगस्त से डार्विन में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेला जाएगा।
बल्लेबाजों पर कोच को भरोसा
बल्लेबाजी कोच मोहम्मद अशरफुल ने कहा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया हार के बावजूद टीम के बल्लेबाजों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में चुनौती कठिन होगी, लेकिन अभ्यास का पर्याप्त समय मिलने से टीम बेहतर तैयारी कर सकेगी। उनका मानना है कि पिछले कुछ महीनों में बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और वे ऑस्ट्रेलिया में भी बेहतर खेल दिखाने में सक्षम हैं।
