नाम्ची। दक्षिण सिक्किम के नाम्ची जिले के समरदुंग-झोलुंगे स्थित एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। बुधवार देर रात चलाए गए खोज एवं बचाव अभियान के दौरान नौ और शव बरामद किए गए। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
तीसरे दिन भी जारी रहा बचाव अभियान
यह हादसा 20 जुलाई की दोपहर सुरंग के भीतर अचानक हुए विस्फोट और कथित मिथेन गैस रिसाव के बाद हुआ था। जहरीली गैस की चपेट में आने से सुरंग के भीतर काम कर रहे श्रमिक फंस गए थे। घटना के बाद से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य सरकार की एजेंसियां और बाहरी विशेषज्ञ बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
सुरंग के भीतर प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण कुछ समय के लिए अभियान प्रभावित हुआ, लेकिन बुधवार सुबह इसे फिर तेज कर दिया गया। पहले शाम तक एक और शव मिलने से मृतकों की संख्या 13 हुई थी, जबकि देर रात नौ और शव बरामद होने के बाद यह आंकड़ा 22 पहुंच गया।
25 श्रमिक थे सुरंग के भीतर
नाम्ची जिला प्रशासन के अनुसार, गुरुवार सुबह तक सुरंग से कुल 22 शव निकाले जा चुके हैं। एनएचपीसी ने बताया कि हादसे के समय सुरंग के भीतर 25 श्रमिक मौजूद थे।
शेष श्रमिकों की तलाश के लिए बचाव अभियान और तेज कर दिया गया है। बुधवार रात करीब 10 बजे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल), आसनसोल की दूसरी बचाव टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत अभियान में शामिल हो गई। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल देर रात तक अभियान चलाते रहे।
