पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राजधानी पटना में गंगा तट स्थित भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) की ओर से 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन घाटों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
46 करोड़ की लागत से विकसित हुए घाट
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने तीनों घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्थल योजना के माध्यम से परियोजना के विभिन्न कार्यों, निर्माण व्यवस्था और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गंगाजल का स्पर्श कर मां गंगा को नमन किया और राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के विकास के साथ नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
छठ समेत धार्मिक आयोजनों में मिलेगी सुविधा
बुडको की ओर से विकसित इन घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। घाटों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया है, जिससे छठ महापर्व सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी।
गंगा तट के सौंदर्यीकरण से राजधानी के पर्यटन और शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारी तथा प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
