पश्चिमी सिंहभूम। जिले के किरीबुरू स्थित प्रोस्पेक्टिंग चौक में मंगलवार देर रात चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी से भरा कैश बॉक्स चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
ताला तोड़कर कैश बॉक्स लेकर फरार हुए चोर
जानकारी के अनुसार, प्रोस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथाल की दुकान को 21 और 22 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे निशाना बनाया गया। दुकान संचालक ने बताया कि चोर लोहे के औजार से साइड गेट का ताला और कुंडी तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। कैश बॉक्स में कितनी नकदी थी, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।
दुकान में रखे अन्य सामान, खासकर खाने-पीने की वस्तुओं को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। इससे आशंका है कि उनकी नजर केवल नकदी पर थी। घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक हाथ में लोहे का सरिया लेकर दुकान की ओर जाते और कुछ मिनट बाद तेजी से लौटते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
