सुपौल। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के झिरका नहर वार्ड संख्या-12 के पास मंगलवार सुबह बाइक से जा रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली सीने में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल की पहचान गौरवगढ़ निवासी भूमि यादव के 22 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रंजीत अपने मामा रामानंद यादव के घर झिरका आया था। सुबह घर लौटने के दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को किशनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे शहर के एक निजी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसके सीने में फंसी गोली निकाल दी। फिलहाल उसकी हालत चिकित्सकीय निगरानी में है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
