26.1 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

सीमावर्ती क्षेत्रों के सीएसपी केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती, चला जांच अभियान

सुपौल। वीरपुर अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएसपी) पर प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बैंकिंग कार्यों, अभिलेखों और ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन जांच की गई।

अभियान का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाना था। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार ने सीएसपी संचालकों को निर्देश दिया कि सभी बैंकिंग कार्य निर्धारित नियमों के अनुसार ही किए जाएं।

अनियमितता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

एसडीएम ने कहा कि ग्राहकों से केवल निर्धारित शुल्क ही लिया जाए। अतिरिक्त वसूली या धोखाधड़ी की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लेन-देन के अभिलेख अद्यतन रखने और प्रत्येक बैंकिंग प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

जांच के दौरान कई सीएसपी केंद्रों पर दस्तावेजों और संचालन व्यवस्था का सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की।

अवैध सीएसपी केंद्रों पर प्रशासन की नजर

एसडीएम ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित अवैध सीएसपी केंद्रों और बिना अनुमति रुपये के लेन-देन का कारोबार करने वाले ठिकानों की पहचान की जा रही है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह का जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख