मुंबई। आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने जा रही है। वर्ष 2009 में रिलीज हुई यह फिल्म करीब 17 साल बाद दोबारा सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक दिवस के अवसर पर 4 सितंबर 2026 को फिल्म को देशभर के सिनेमाघरों में फिर से रिलीज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि एनएच स्टूडियोज़ अपनी री-रिलीज योजना के तहत इस लोकप्रिय फिल्म को दोबारा दर्शकों के बीच ला रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को सिनेमाघरों में इस फिल्म का अनुभव देना और पुराने दर्शकों को यादें ताजा करने का अवसर उपलब्ध कराना है।
भारतीय सिनेमा की यादगार फिल्मों में शामिल
राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी ‘3 इडियट्स’ भारतीय सिनेमा की सबसे सफल और लोकप्रिय फिल्मों में गिनी जाती है। चेतन भगत के उपन्यास ‘फाइव पॉइंट समवन’ से प्रेरित इस फिल्म में आमिर खान ने ‘रैंचो’ उर्फ ‘फुंसुक वांगड़ू’ का यादगार किरदार निभाया था।
शिक्षा व्यवस्था, दोस्ती और जीवन को नए नजरिए से प्रस्तुत करने वाली इस फिल्म ने रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। इसके संवाद, गीत और किरदार आज भी दर्शकों के बीच उतने ही लोकप्रिय हैं।
