पूर्वी सिंहभूम। कदमा थाना क्षेत्र के विजया हेरिटेज फोर्थ फेज परिसर में ड्यूटी पर तैनात चार सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान लंकेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
सिक्योरिटी एजेंसी से जुड़े विनोद कुमार की शिकायत के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच डुप्लेक्स संख्या 9बी में रहने वाले लंकेश्वर अपने ड्राइवर के साथ कथित रूप से नशे की हालत में परिसर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले सुरक्षा गार्डों के साथ गाली-गलौज की और फिर उन्हें एक-एक कर बुलाकर मारपीट की।
शिकायत में बताया गया है कि सबसे पहले सुरक्षा गार्ड राजेश शर्मा के साथ मारपीट की गई। इसके बाद सुखदेव बागती, मनोज सिंह और रविंद्र भगत के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि सुखदेव बागती का गमछे से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया, जबकि अन्य दो गार्डों के साथ लात-घूंसों से हमला किया गया।
घटना के बाद चारों सुरक्षा गार्ड मंगलवार को कदमा थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
