पूर्वी सिंहभूम। गोलमुरी स्थित केरल समाजम मॉडल स्कूल में कक्षा तीन और चार के विद्यार्थियों के लिए एसईएनएसई (सोशल एटीकेट फॉर न्यू जेनरेशन) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक शिष्टाचार, अनुशासन, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक बनने के गुणों का विकास करना था। विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अच्छे व्यवहार के महत्व को समझा।
यह कार्यक्रम यंग इंडियंस और भारतीय उद्योग परिसंघ के संयुक्त उपक्रम ‘प्रोजेक्ट मासूम’ के तहत आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, जल संरक्षण, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासित व्यवहार, धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करने और समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने जैसे विषयों की जानकारी दी गई।
नैतिक मूल्यों पर दिया गया जोर
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केरल पब्लिक स्कूल्स की निदेशक (अकादमिक) एवं प्रोजेक्ट मासूम की अध्यक्ष डॉ. रचना नायर ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बच्चों में नैतिक मूल्य, अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बचपन से अच्छी आदतें अपनाने वाले बच्चे भविष्य में एक सशक्त और जिम्मेदार समाज का निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम में संवादात्मक गतिविधियों, प्रेरक उदाहरणों और रोचक चर्चाओं के माध्यम से बच्चों को सामाजिक व्यवहार के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने इन सीखों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर निदेशक (अकादमिक) नंदिनी शुक्ला, प्राचार्या रीना बनर्जी, उप-प्राचार्य ए.एल. अब्राहम और प्रधानाध्यापिका सुजाता सिंह मौजूद रहीं। कार्यक्रम के सफल संचालन में यंग इंडियंस की दीपा नायर, रश्मि जैन तथा विद्यालय के हेल्थ एंड हाइजीन क्लब की मॉडरेटर शिक्षिकाओं गार्गी और बैशाली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
