गंगटोक। सिक्किम के नाम्ची जिले के झोलुंगे क्षेत्र के समरदोंग में निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में अब तक सात श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है। सुरंग में 25 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा और अभी भी युद्धस्तर पर चल रहा है।
विस्फोट जैसी आवाज के बाद मची अफरा-तफरी
सोमवार दोपहर सुरंग में काम कर रहे श्रमिकों ने तेज विस्फोट जैसी आवाज सुनी। इसके बाद सुरंग में गैस रिसाव की आशंका जताई गई। जान बचाने के लिए श्रमिक बाहर की ओर भागे। कुछ लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई श्रमिक सुरंग के भीतर ही फंस गए।
बचाव अभियान लगातार जारी
प्रारंभिक चरण में गैस रिसाव, सुरंग के भीतर प्रतिकूल परिस्थितियों और आवश्यक बचाव उपकरणों की कमी के कारण राहत कार्य में कठिनाई आई। बाद में पाक्योंग और सिलीगुड़ी से पहुंची राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों को अभियान में लगाया गया, जिसके बाद बचाव कार्य में तेजी आई।
मंगलवार सुबह 4:40 बजे तक जिला प्रशासन ने सात लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की। मृतकों के शव सिंगताम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नाम्ची जिला अस्पताल में रखे गए हैं। मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
नाम्ची जिला प्रशासन, राष्ट्रीय जलविद्युत शक्ति निगम लिमिटेड के अधिकारी, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, सिक्किम पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
