नई दिल्ली। गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को एक मालगाड़ी के छह भरे हुए डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे के बाद रेलवे ने राहत एवं बहाली कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
53 ट्रेनों के परिचालन पर असर
उत्तर रेलवे के अनुसार इस हादसे से कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, 16 यात्री ट्रेनें पूरी तरह रद्द की गई हैं, पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है, जबकि आठ ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बहाली कार्य की निगरानी शुरू कर दी।
कई ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव
रेलवे ने कई ट्रेनों के प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन में भी बदलाव किया है। कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद से चलाया गया, कुछ को गाजियाबाद तक ही सीमित किया गया, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर संचालित किया गया। सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर को भी वैकल्पिक मार्ग से चलाया गया।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
