29.6 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

‘छात्रों की गूंज’ अभियान: पेपर लीक के खिलाफ रांची में कांग्रेस का मशाल जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रांची। देश में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को राजधानी रांची की सड़कों पर मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस जयपाल सिंह स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

मशाल जुलूस में विशेष रूप से शामिल हुए झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल प्रशासनिक विफलता नहीं हैं, बल्कि यह देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ एक गंभीर खिलवाड़ है। छात्र सालों तक कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली की कमियों के कारण उनकी उम्मीदें टूट जाती हैं। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के मुद्दे पर भी सरकार को बातचीत का रास्ता अपनाने की सलाह दी।

सड़क से संसद तक बुलंद होगी छात्रों की आवाज: मंत्री दीपिका पांडे सिंह

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने भी परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों और उनके परिवारों में निराशा का माहौल है। कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए सड़क से लेकर संसद तक देश के युवाओं और छात्रों की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाएगी। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इस आंदोलन को आगे और भी उग्र व व्यापक बनाया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख