शिमला। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शिमला में होगी। बैठक में 50 से अधिक एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा होने की संभावना है। विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखों, प्रदेश की वित्तीय स्थिति, सरकारी भर्तियों और बागवानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया जा सकता है।
मानसून सत्र की तारीखों पर लगेगी मुहर
बैठक में अगस्त में प्रस्तावित विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखें तय करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। मंत्रिमंडल सत्र की अवधि और संभावित कार्यक्रम पर अंतिम निर्णय ले सकता है।
सेब के समर्थन मूल्य और भर्तियों पर होगी चर्चा
मंत्रिमंडल की बैठक में नए पदों पर भर्ती से जुड़े प्रस्तावों के अलावा सेब और अन्य फलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के मुद्दे पर भी विचार किया जाएगा। सेब सीजन शुरू होने के बीच यह फैसला प्रदेश के बागवानों के लिए अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री की प्रारंभिक स्वीकृति के बाद बागवानी विभाग ने मंडी मध्यस्थता योजना के नए नियम तैयार किए हैं। इन नियमों को मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने पर संशोधित नियम और नई समर्थन मूल्य दरें लागू करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
वित्तीय स्थिति और कल्याणकारी योजना की होगी समीक्षा
बैठक में बजट में घोषित एक कल्याणकारी योजना को लागू करने के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल की मंजूरी ली जाएगी। इसके साथ ही वित्त विभाग प्रदेश की मौजूदा आर्थिक स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। राजस्व, व्यय और वित्तीय संसाधनों की समीक्षा के साथ आगामी वित्तीय प्राथमिकताओं और खर्च से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
