28.1 C
Kolkata
Sunday, July 19, 2026

जमशेदपुर कोर्ट के पास अपहरण कांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जमशेदपुर कोर्ट परिसर के पास हुए युवक के अपहरण मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक थार गाड़ी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी पुलिस अधीक्षक ललित कुमार मीणा ने बताया कि 15 जुलाई को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर निवासी सुशील डे के कोर्ट परिसर के पास से अपहरण की सूचना मिली थी। सूचना के बाद थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना वाले दिन ही युवक को सकुशल बरामद किया

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना वाले दिन ही अपहृत सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया। आगे की जांच में शनिवार को दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कृष्णा यादव उर्फ दबंग (23) और मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त ग्रे रंग की थार और एक सैमसंग मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों से पूछताछ जारी है।

एक आरोपित पर पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले

पुलिस के अनुसार मोनी मोहंती एक हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या के प्रयास, आयुध अधिनियम, धोखाधड़ी, जालसाजी, चोरी और बाल संरक्षण कानून सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहरण की वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। पुलिस अपहरण के कारण, फरार आरोपितों और संभावित साजिशकर्ताओं की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख