किशनगंज। किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने जिले के विकास और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दो अलग-अलग पत्र भेजकर जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में स्थायी सार्वजनिक मैदान के लिए 10 एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध कराने और लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों में आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने का अनुरोध किया है।
स्थायी सार्वजनिक मैदान की उठाई मांग
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सांसद ने कहा कि किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 10 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराकर स्थायी सार्वजनिक मैदान विकसित किया जाए। उन्होंने बताया कि रुईधासा स्थित कैंपिंग ग्राउंड, जहां वर्षों तक धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और जनसभाएं आयोजित होती थीं, अब भारतीय सेना के नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा कि सेना की आवश्यकता का सम्मान करते हुए भी शहर में बड़े सार्वजनिक आयोजनों के लिए पर्याप्त खुले मैदान का अभाव हो गया है। ऐसे में वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नए सार्वजनिक मैदान का निर्माण जरूरी है।
हर प्रखंड में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने का आग्रह
दूसरे पत्र में सांसद ने किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों के साथ पूर्णिया जिले के बायसी, डगरूआ, बैसा और अमौर में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी, शोधार्थी और युवा गुणवत्तापूर्ण अध्ययन संसाधनों के अभाव से जूझ रहे हैं। नई शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए प्रत्येक प्रखंड में आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना आवश्यक है।
सांसद ने प्रस्तावित पुस्तकालयों में डिजिटल पुस्तकालय, निःशुल्क वाई-फाई, कंप्यूटर सुविधा, आधुनिक अध्ययन कक्ष, दिव्यांगजनों के लिए सुगम व्यवस्था तथा हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और स्थानीय भाषाओं की समृद्ध पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है। इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री को भी पत्र की प्रति भेजी है।
डॉ. मोहम्मद जावेद ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार दोनों प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर किशनगंज के नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को बड़ी सौगात देगी।
