मुंबई। निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ से अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का नया लुक उनके जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया। राजामौली ने सामाजिक माध्यम पर फिल्म से प्रियंका की दो नई तस्वीरें साझा करते हुए उनके किरदार ‘मंदाकिनी’ से दर्शकों को परिचित कराया। तस्वीरें सामने आते ही तेजी से वायरल हो गईं और फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई।
‘मंदाकिनी’ के किरदार की दिखाई झलक
राजामौली ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जब ‘मंदाकिनी’ मुस्कुराती हैं तो उनके चेहरे पर सादगी और नजाकत दिखाई देती है, लेकिन उनकी खामोशी और आंखों की दृढ़ता हर चुनौती का सामना करने का साहस बयां करती है।
जारी तस्वीरों में एक ओर प्रियंका गंभीर अंदाज में नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह पहाड़ी पृष्ठभूमि के बीच मुस्कुराते हुए छलांग लगाती दिखाई दे रही हैं। इन दोनों तस्वीरों में उनके किरदार के अलग-अलग भाव और व्यक्तित्व की झलक देखने को मिलती है।
आठ साल बाद भारतीय सिनेमा में वापसी
‘आरआरआर’ की वैश्विक सफलता के बाद एसएस राजामौली इस महत्वाकांक्षी फिल्म के साथ वापसी कर रहे हैं। फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा करीब आठ वर्ष बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं।
विजयेंद्र प्रसाद द्वारा लिखित इस फिल्म की कहानी पौराणिक कथाओं, भारतीय लोककथाओं और समय यात्रा पर आधारित विज्ञान-फंतासी तत्वों का मिश्रण है। फिल्म ‘वाराणसी’ 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
