29 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

जनगणना-2027 की तैयारी तेज: 37 क्षेत्र पदाधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

किशनगंज। भारत की जनगणना-2027 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पोठिया प्रखंड में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए डेटा संग्रहण कार्य से जुड़े 37 नामित क्षेत्र पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अपर समाहर्ता-सह-वरीय पदाधिकारी, जिला जनगणना कोषांग द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

त्रुटिरहित आंकड़े जुटाने के कड़े निर्देश

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने कहा कि जनगणना-2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण और व्यापक सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है। इसकी पूर्ण सफलता के लिए धरातल से सटीक, प्रामाणिक और गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों का संग्रह बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी क्षेत्र पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण में दिए गए नियमों का गंभीरता से पालन करें और तय समय-सीमा के भीतर पूरी तरह त्रुटिरहित डेटा संकलित करें।

दो भागों में तैयार होगी जिला हस्तपुस्तिका

मास्टर प्रशिक्षक ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका को दो मुख्य भागों—ग्राम निर्देशिका/नगर निर्देशिका और प्राथमिक जनगणना सार में तैयार किया जाना है। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बैंकिंग, संचार, बिजली और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों को सही ढंग से भरने का विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। इस पूरे डेटा संग्रह के लिए 31 दिसंबर 2025 को संदर्भ तिथि (रेफरेंस डेट) निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित जनगणना कार्य निदेशालय के कई मास्टर ट्रेनर और कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख