पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर में शुक्रवार को करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। जेएनएसी क्षेत्र के कई इलाकों में नालियां उफान पर आ गईं, जिससे गंदा पानी 200 से अधिक घरों में घुस गया। जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक प्रभावित जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के पटेल नगर, टीचर्स कॉलोनी, गंगो कॉम्प्लेक्स, नीति बाग और आसपास के इलाके रहे। कई घरों के कमरे पानी से भर गए, जिससे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, राशन, कपड़े और अन्य घरेलू सामग्री खराब हो गई।
घंटों पानी निकालते रहे लोग
जलभराव के कारण कई परिवारों को मोटर और बाल्टियों की मदद से घंटों घरों से पानी निकालना पड़ा। सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से आवागमन भी प्रभावित रहा। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था की अनदेखी के कारण हर वर्ष मानसून में ऐसी स्थिति पैदा होती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
विधायक ने की राहत और स्थायी समाधान की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने उपायुक्त से मुलाकात कर प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी दी। उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, नालों की तत्काल सफाई और प्रभावित परिवारों को जल्द राहत व आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जेएनएसी से जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई कराने और नुकसान झेलने वाले परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
