30.1 C
Kolkata
Thursday, July 16, 2026

हरियाणा दौरे पर प्रधानमंत्री देंगे 12,470 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 12,470 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन सहित कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की शुरुआत होगी, जिससे हरियाणा के दस जिलों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

रेलवे और सड़क परियोजनाओं को मिलेगी गति

प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पांच राज्यों के 11 आधुनिक रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें हरियाणा के नरवाना और कालका, पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर और आनंदपुर साहिब तथा हिमाचल प्रदेश का अंब अंदौरा स्टेशन शामिल हैं।

इसके अलावा करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 5.9 किलोमीटर लंबे कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण किया जाएगा। इस परियोजना से शहर के प्रमुख रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

सड़क अवसंरचना के तहत काला अंब ग्रीन फील्ड चार लेन गलियारा, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग, हांसी-बरवाला चार लेन मार्ग और बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजना को भी नई गति मिलेगी।

मेडिकल कॉलेज और विरासत केंद्र का भी उद्घाटन

प्रधानमंत्री जींद से वर्चुअल माध्यम से नारनौल के महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और भिवानी मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। साथ ही कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में करीब 124 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के पहले सिख संग्रहालय एवं विरासत केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे।

यह केंद्र सिख गुरुओं से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करेगा और धार्मिक तथा सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देगा।

प्रधानमंत्री के इस दौरे से हरियाणा के जींद, सोनीपत, अंबाला, झज्जर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, हिसार, हांसी, भिवानी और महेंद्रगढ़ सहित कई क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

नवीनतम लेख