लातेहार। सदर थाना क्षेत्र के नवोदय रोड स्थित कस्तूरबा विद्यालय के समीप आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पीयूष कुमार (20) और पवन साहू (20) के रूप में हुई है। दोनों लातेहार जिला मुख्यालय के निवासी थे।
बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके थे
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से नवोदय रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों सड़क किनारे महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान पीयूष कुमार का मोबाइल फोन भी फट गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
