पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 452 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ कानून के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने बताया कि बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वांसपुर गांव के पास पुराना राखा माइंस मार्ग पर एक युवक मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना में सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद मुसाबनी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर स्वांसपुर गांव निवासी नागेन भकत को संदिग्ध अवस्था में रोका। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के पैकेट से 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मोटरसाइकिल और स्मार्टफोन भी जब्त
छापेमारी के दौरान तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या- जेएच05डीके-6337) और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ कानून की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित गांजा कहां से लाता था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता था। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में मुसाबनी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित कुमार रजवार, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक मो. मुस्ताक अंसारी, आरक्षी नरेश उरांव तथा आरक्षी प्रवीण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
