मुंबई। अजय देवगन, रितेश देशमुख और अरशद वारसी अभिनीत कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के छह दिनों में 89.75 करोड़ रुपये का घरेलू नेट कारोबार कर लिया है। फिल्म अब 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के बेहद करीब पहुंच गई है।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के छठे दिन (बुधवार) 6.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले पांचवें दिन 9.50 करोड़ और चौथे दिन 8.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। विदेशी बाजार में छठे दिन फिल्म ने 1.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि इसका वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन 124.36 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘अल्फा’ की कमाई में लगातार गिरावट
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत स्पाई थ्रिलर ‘अल्फा’ की रफ्तार लगातार धीमी पड़ रही है। फिल्म ने दूसरे सप्ताह के 13वें दिन केवल 60 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 55.80 करोड़ रुपये हो गया है। यशराज फिल्म्स की पहली महिला प्रधान स्पाई फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है।
‘वेलकम टू द जंगल’ की रफ्तार भी पड़ी धीमी
अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का प्रदर्शन भी अब कमजोर पड़ता दिख रहा है। फिल्म ने रिलीज के 20वें दिन महज 50 लाख रुपये की कमाई की। इसके साथ ही इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 131.35 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिलहाल घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘धमाल 4’ सबसे मजबूत स्थिति में बनी हुई है और कमाई के मामले में ‘अल्फा’ तथा ‘वेलकम टू द जंगल’ से आगे चल रही है।
