रांची। झारखंड की प्रतिभाशाली शिल्पकार सीमा खाखा का चयन भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय एवं हस्तकला अकादमी, नई दिल्ली द्वारा आयोजित जीवंत शिल्प प्रदर्शन एवं विक्रय कार्यक्रम के लिए किया गया है। यह कार्यक्रम 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।
क्रोशिया और कढ़ाई शिल्प का करेंगी प्रदर्शन
कार्यक्रम में देशभर के चयनित शिल्पकार अपनी पारंपरिक कला का जीवंत प्रदर्शन करेंगे और अपने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे। सीमा खाखा का चयन क्रोशिया और कढ़ाई शिल्प के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उनके वर्षों के समर्पण और रचनात्मक कार्य का सम्मान होने के साथ-साथ झारखंड की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा के लिए भी गौरव की बात है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का है उद्देश्य
सीमा खाखा ने कहा कि उनका प्रयास हमेशा पारंपरिक हस्तशिल्प को आधुनिक पहचान दिलाने और महिलाओं तथा स्थानीय कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर झारखंड की कला और शिल्प का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय है।
राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय एवं हस्तकला अकादमी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देश की पारंपरिक हस्तकलाओं के संरक्षण, संवर्धन और कारीगरों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से आयोजित किया जाता है।
