29.5 C
Kolkata
Wednesday, July 15, 2026

झारखंड में मानसून सुस्त, 15 जुलाई तक 41 फीसदी कम बारिश

 19 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का येलो अलर्ट, कृषि पर बढ़ी चिंता

रांची । झारखंड में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। एक जून से 15 जुलाई तक राज्य में सामान्य से 41 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। कम वर्षा के कारण खरीफ फसलों की बुआई और अन्य कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 19 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

सबसे कम बारिश गढ़वा में, दुमका और सरायकेला-खरसावां की स्थिति बेहतर

मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में दुमका और सरायकेला-खरसावां में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। दुमका में सामान्य 355.4 मिलीमीटर के मुकाबले 300.1 मिलीमीटर और सरायकेला-खरसावां में सामान्य 335.2 मिलीमीटर के मुकाबले 263.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 21 फीसदी कम है।

वहीं गढ़वा जिले में सबसे अधिक वर्षा की कमी दर्ज की गई। यहां सामान्य 276.4 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 56.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 80 फीसदी कम है। राजधानी रांची में भी अब तक सामान्य से 24 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि बुधवार को दोपहर बाद हुई हल्की बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली।

19 जुलाई तक खराब मौसम की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया है कि 19 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 और न्यूनतम 26.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 26.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.2 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। यदि अच्छी बारिश होती है तो वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है और खरीफ फसलों की बुआई समेत कृषि कार्यों को गति मिलेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख