नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विद्या, कौशल और उत्तम स्वास्थ्य के महत्व पर बल देते हुए कहा कि विद्या से विवेक, कौशल से विकास और उत्तम स्वास्थ्य से हर संकल्प सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा इन गुणों को आत्मसात कर भारत की पहचान को और मजबूत बना रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक माध्यम एक्स पर महाभारत के यक्ष-युधिष्ठिर संवाद से लिया गया एक सुभाषित साझा किया।
महाभारत के श्लोक का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने लिखा—
“धन्यानामुत्तमं दाक्ष्यं धनानामुत्तमं श्रुतम्।
लाभानां श्रेय आरोग्यं सुखानां तुष्टिरुत्तमा।।”
उन्होंने बताया कि यह सुभाषित महाभारत के यक्ष-युधिष्ठिर संवाद से लिया गया है।
श्लोक का बताया अर्थ
प्रधानमंत्री ने इस श्लोक का अर्थ बताते हुए कहा कि सभी श्रेष्ठ गुणों में कौशल सबसे उत्तम है, सभी धनों में विद्या सबसे बड़ी संपत्ति है, सभी लाभों में उत्तम स्वास्थ्य सबसे बड़ा लाभ है और सभी सुखों में संतोष सर्वोत्तम है।
