27.5 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

भागलपुर के शाहपुर कालिका माता मंदिर में करोड़ों की चांदी की प्रतिमा और आभूषण चोरी

भागलपुर । जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शाहपुर कालिका माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का ताला तोड़कर करीब 11 किलोग्राम चांदी की ऐतिहासिक मां काली की प्रतिमा और चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

11 किलो प्रतिमा समेत चांदी के मुकुट और झांप चोरी

जानकारी के अनुसार, चोर 11 किलोग्राम की चांदी की प्रतिमा के अलावा पांच-पांच किलोग्राम के दो चांदी के मुकुट और 11 नग चांदी के झांप भी अपने साथ ले गए। चोरी का पता सोमवार सुबह तब चला, जब मंदिर के मुख्य पुजारी रोजाना की तरह सुबह करीब साढ़े पांच बजे पूजा और साफ-सफाई के लिए पहुंचे। उन्होंने मंदिर का मुख्य ताला टूटा देखा और गर्भगृह में मां काली की प्रतिमा गायब मिली।

सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

सूचना मिलते ही नाथनगर थाना प्रभारी मो. नईम पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध रात करीब 1:45 बजे बालकनी के रास्ते मंदिर में प्रवेश करता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, उसने गर्भगृह का ताला तोड़ा, आभूषण और प्रतिमा बोरे में रखी और ऑटो से फरार हो गया।

दो साल पहले भी हुई थी चोरी

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए। राघोपुर पंचायत के मुखिया धारो राय और ग्रामीण अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यह मंदिर पूरे इलाके की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो वर्ष पहले भी इसी मंदिर में चोरी हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक चोरों का पता नहीं चल सका।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और चोरी में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख