28 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

भागलपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, चार बाइक बरामद

भागलपुर । भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। इस संबंध में सोमवार को नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने जानकारी दी।

तकनीकी और मानवीय सूचना से मिली सफलता

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लोदीपुर थाना क्षेत्र के कोढ़ा निवासी पवन मंडल की मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गिरोह का खुलासा हुआ।

तीन आरोपित गिरफ्तार, चार मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने राहुल कुमार, मिथुन कुमार और देवानंद कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद हुईं। इनमें प्राथमिकी में दर्ज चोरी की एक मोटरसाइकिल के अलावा तीन अन्य चोरी की बाइक भी शामिल हैं।

पुलिस ने बरामद अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी अलग से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोदीपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख