सुपौल। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच सुपौल रेलवे स्टेशन पर उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली एक्सप्रेस से 219.75 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
वैशाली एक्सप्रेस में तलाशी के दौरान मिली शराब
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। ललितग्राम से सहरसा जा रही वैशाली एक्सप्रेस (15566) के सुपौल स्टेशन पहुंचने पर संयुक्त टीम ने बी-04 और बी-05 कोच की सघन तलाशी ली। इस दौरान सीटों के नीचे रखे नौ बोरे और तीन पीठू बैग संदिग्ध अवस्था में मिले।
तलाशी लेने पर इनमें से 209.250 लीटर विदेशी शराब और 10.500 लीटर बीयर बरामद हुई। कुल मिलाकर 219.750 लीटर मादक पेय जब्त किया गया।
दो आरोपित गिरफ्तार, पूछताछ जारी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा और बिनीत कुमार, दोनों निवासी कहरा थाना क्षेत्र, जिला सहरसा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे मार्ग से होने वाली शराब तस्करी पर विभाग की विशेष नजर है और इसे रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस संयुक्त अभियान में मद्यनिषेध विभाग और रेलवे सुरक्षा बल के कई अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।
