खूंटी। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठन के सक्रिय सदस्य राजेंद्र साहू उर्फ राजेंद्र साव उर्फ मास्टर को एक देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर मुरहू में हुई कार्रवाई
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि कई मामलों में वांछित राजेंद्र साव मुरहू थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने राजेंद्र साव को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए।
पीएलएफआई के खिलाफ लगातार कार्रवाई
खूंटी पुलिस पिछले कुछ समय से पीएलएफआई के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इससे पहले दो सप्ताह पूर्व पुलिस ने संगठन के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया था। 21 जून को मुठभेड़ के बाद कथित एरिया कमांडर श्रवण दास उर्फ फागुवा को पकड़ा गया था। इसके बाद उसके दस्ते के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया था।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि राजेंद्र साव पहले गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों का सक्रिय सहयोगी था और संगठन को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी से पीएलएफआई की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि राजेंद्र साव के खिलाफ मुरहू, तोरपा, कर्रा और खूंटी थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर संगठन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
