26.9 C
Kolkata
Monday, July 13, 2026

दुमका में पिता ने बेटी की हत्या की, बचाने पहुंचे बुजुर्ग की भी मौत

दुमका। दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपनी 13 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। बेटी को बचाने पहुंचे गांव के एक बुजुर्ग पर भी उसने हमला कर दिया। इलाज के दौरान बुजुर्ग की भी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटी को बचाने पहुंचे बुजुर्ग पर भी किया हमला

मृत बच्ची की पहचान पुड़की कुमारी (13) और दूसरे मृतक की पहचान गांव निवासी 68 वर्षीय सरजू मंडल के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को मनोज मंडल किसी बात को लेकर अपनी बेटी की बेरहमी से पिटाई कर रहा था। बच्ची की चीख सुनकर सरजू मंडल बीच-बचाव के लिए पहुंचे और आरोपित को समझाने का प्रयास किया।

इससे नाराज होकर मनोज मंडल ने उन पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सरजू मंडल को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए देवघर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

शव कुएं में फेंकने का आरोप

मारपीट में गंभीर रूप से घायल पुड़की कुमारी की भी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद मनोज मंडल ने सबूत छिपाने के उद्देश्य से बच्ची के शव को गांव के एक कुएं में फेंक दिया।

आरोपित गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख