27.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर बवाल, जिले में धारा 163 लागू

भोपाल । मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद विरोध तेज हो गया है। समर्थकों के उग्र प्रदर्शन, पथराव और चक्काजाम के बीच प्रशासन ने पूरे दतिया जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति सभा, जुलूस और धरना-प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

समर्थकों से संयम की अपील, सड़क जाम नहीं करने को कहा

विवाद के बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार का चयन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का निर्णय है और सभी कार्यकर्ताओं को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने समर्थकों से संयम बनाए रखने, किसी भी प्रकार का उग्र प्रदर्शन नहीं करने और सड़क जाम जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी में अपनी बात रखने का एक तय मंच और तरीका है।

पथराव, चक्काजाम और पुलिस से झड़प

भाजपा उम्मीदवार की घोषणा के बाद शुक्रवार शाम से ही समर्थकों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए।

शनिवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक वाहन पलट दिया गया। हालात नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना में दतिया के पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया।

धारा 163 लागू, बड़े जमावड़े पर रोक

कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना या प्रदर्शन पर रोक रहेगी। साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने बताया कि करीब तीन हजार प्रदर्शनकारियों ने लगभग 12 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को जाम रखा। बाद में पुलिस ने कार्रवाई कर मार्ग खाली कराया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

भाजपा ने उम्मीदवार बदलने से किया इनकार

प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है और कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में उम्मीदवार घोषित होने के बाद टिकट बदलने की परंपरा नहीं है और दतिया में भी उम्मीदवार नहीं बदला जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन सभी कार्यकर्ताओं से संवाद कर स्थिति सामान्य करेगा।

वहीं, पार्टी ने विरोध को शांत करने के लिए उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को दतिया भेजा है। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि संगठन का निर्णय सर्वोपरि है और यदि कोई असंतोष है तो उसका समाधान पार्टी के भीतर ही किया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख