हरिद्वार । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित ‘गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा और रणनीति पर चर्चा की गई।
परीक्षा सुधार और भर्ती कैलेंडर समेत तीन मांगों पर जोर
बैठक में प्रदेश नेतृत्व ने बताया कि कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रख रही है। इनमें परीक्षा प्रणाली की व्यापक समीक्षा और सुधार, लगातार हो रहे पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर लागू करना शामिल है, जिसका सभी बोर्ड और आयोगों द्वारा अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
नेताओं ने बताया कि देहरादून में होने वाले कार्यक्रम में करीब 20 हजार युवाओं और छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कांग्रेस डिजिटल अभियान भी चला रही है, जिसके माध्यम से छात्र ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं।
देहरादून के बाद राहुल गांधी का प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्रों के साथ संवाद का प्रस्तावित कार्यक्रम है।
बैठक में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी, महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, समर्थ अग्रवाल, सागर बेनीवाल, निखिल सौदाई, आशु श्रीवास्तव, राव शादाब सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
