27.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

ग्रामीण योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, आवंटन राशि का शीघ्र भुगतान करने को कहा

सीवान। जिला समन्वय समिति की बैठक शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और आवंटित राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जल संरक्षण, आवास और पंचायत योजनाओं पर जोर

बैठक में वीबी-ग्राम, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, ग्रामीण आवास योजना और पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने वीबी-ग्राम योजना के तहत प्राप्त आवंटन का नियमानुसार शीघ्र भुगतान करने का निर्देश देते हुए जल संरक्षण और पौधारोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा, ताकि जल-जीवन-हरियाली अभियान को मजबूती मिल सके।

उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रत्येक प्रखंड में बड़ी और प्रभावी योजनाओं की पहचान कर उन्हें मॉडल परियोजना के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। वहीं, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पंचम वित्त आयोग की राशि का ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों में नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि जल्द जारी करने के निर्देश

बैठक में पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को जिन पंचायतों में अब तक सोलर लाइट नहीं लगी है, वहां शीघ्र स्थापना कराने और पहले से लगी लाइटों के नियमित संचालन व रखरखाव की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि विभाग से राशि प्राप्त हो चुकी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की लंबित प्रथम, द्वितीय और तृतीय किस्त लाभुकों के खातों में शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवास निर्माण समय पर पूरा हो सके। साथ ही सभी बीडीओ को एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से योजनाओं का नियमित निरीक्षण करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख