27.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

भागलपुर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार बरामद, पांच गिरफ्तार

भागलपुर। भागलपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनथ गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपित फरार हो गया।

संयुक्त छापेमारी में हुआ खुलासा

शनिवार को प्रेसवार्ता में सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरनथ गांव स्थित मोहम्मद रिजवान के घर अवैध हथियार बनाने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर शाहकुंड थाना पुलिस, भागलपुर एसटीएफ और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपित मोहम्मद रिजवान मौके से फरार हो गया।

चार आरोपित मुंगेर और एक शाहकुंड का निवासी

पुलिस ने मौके से मोहम्मद कासिम, मोहम्मद समीम, मोहम्मद मिराज, मोहम्मद मैसर और जब्बार मंसूरी को गिरफ्तार किया। इनमें चार आरोपित मुंगेर जिले के निवासी हैं, जबकि जब्बार मंसूरी शाहकुंड थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। फरार मोहम्मद रिजवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पुलिस इस अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख