29.8 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

रायनएयर बोइंग विमान की खिड़की टूटने से यात्री घायल, बाल-बाल बची जान

एथेंस/बर्लिन। ग्रीस से जर्मनी जा रही रायनएयर के बोइंग 737 विमान में उड़ान के दौरान खिड़की टूटने का एक खौफनाक हादसा सामने आया है। इस घटना में खिड़की के पास बैठा एक 61 वर्षीय यात्री घायल हो गया। एयरलाइन ने पुष्टि की है कि तकनीकी खराबी के बाद विमान को सुरक्षित रूप से वापस टेक-ऑफ वाले हवाई अड्डे पर उतार लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा शुक्रवार को ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही फ्लाइट एफआर1879 में हुआ, जिसका संचालन माल्टा एयर द्वारा किया जा रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेक-ऑफ के तुरंत बाद विमान के इंजन से निकले मलबे का एक टुकड़ा फ्यूज़लेज से टकराया, जिससे केबिन की एक खिड़की टूट गई। खिड़की टूटते ही केबिन का दबाव कम हो गया और विमान में अफरातफरी मच गई, जिसके बाद ऑक्सीजन मास्क स्वतः नीचे आ गए।

इस हादसे में खिड़की के पास बैठे सर्बिया के 61 वर्षीय यात्री तेज हवा और दबाव के कारण घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात रही कि यात्री ने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिससे वह विमान से बाहर नहीं गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनकी पत्नी और सह-यात्रियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित अंदर खींच लिया। रायनएयर ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की है। वहीं, विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने कहा है कि वह एयरलाइन के संपर्क में है और खिड़की टूटने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख