रांची। रांची समाहरणालय आने वाले आम लोगों और अधिकारियों-कर्मचारियों की सुविधा के लिए शुक्रवार को तीन नई अत्याधुनिक लिफ्टों का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ब्लॉक-ए में दो और ब्लॉक-बी में एक नई लिफ्ट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही समाहरणालय परिसर में संचालित लिफ्टों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मिलेगी राहत
उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए आते हैं। ऊपरी मंजिलों पर स्थित कार्यालयों तक पहुंचने में विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और अन्य आगंतुकों को कठिनाई होती थी। नई लिफ्टों के शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी और विभिन्न विभागों तक पहुंच अधिक आसान और तेज होगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों को बेहतर और सुगम प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समाहरणालय की आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रहा है। नई लिफ्टों से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच विभागीय आवागमन भी सुगम होगा, जिससे कार्य निष्पादन में तेजी आएगी।
आधुनिक सुरक्षा प्रणाली से लैस हैं नई लिफ्टें
समाहरणालय में स्थापित सभी नई लिफ्टें अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक सुरक्षा मानकों से सुसज्जित हैं। इनमें स्वचालित बचाव प्रणाली लगी है, जो बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लिफ्ट को स्वतः निकटतम मंजिल तक ले जाकर दरवाजा खोल देती है, ताकि यात्री सुरक्षित बाहर निकल सकें।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी लिफ्टों का नियमित निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण और समय पर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और लिफ्टों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहना चाहिए।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) धनंजय, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, आईटीडीए परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, स्थापना उप समाहर्ता ज्योति वंदना कुजूर, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा, विद्युत कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
