ओरडोस (चीन)। एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक समेत कुल पांच पदक अपने नाम किए। भारत का एकमात्र स्वर्ण पदक मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले टीम ने जीता।
मिक्स्ड रिले टीम ने जीता स्वर्ण
आस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले की भारतीय टीम ने 3:18.64 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह पहले दिन भारत का अंतिम और सबसे बड़ा प्रदर्शन रहा।
डिस्कस थ्रो और 5000 मीटर में भी चमका भारत
भारत का पहला पदक भरतप्रीत सिंह ने पुरुष डिस्कस थ्रो में 52.91 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य के रूप में दिलाया।
पुरुष 5000 मीटर दौड़ में भारत ने दो पदक जीते। शिवाजी परशुराम मदप्पागौड़ा ने 14:08.19 मिनट का समय लेकर रजत पदक हासिल किया, जबकि विनोद सिंह ने 14:23.67 मिनट में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्राची देवकर ने स्टीपलचेज में जीता कांस्य
महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में प्राची देवकर ने 10:32.69 मिनट का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में चीन की यांग यीतिंग ने स्वर्ण और लियू युक्सिन ने रजत पदक हासिल किया।
एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले संस्करण में भारत के 53 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन पांच पदक जीतकर भारतीय दल ने प्रतियोगिता में दमदार आगाज किया।
