27.2 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

सीएम मोहन यादव आज करेंगे 5,017 करोड़ की उज्जैन–जावरा फोरलेन परियोजना का भूमि पूजन

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को 5,017 करोड़ रुपये की लागत वाली उज्जैन–जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 98.73 किलोमीटर लंबा फोरलेन मार्ग बनाया जाएगा।

62 गांव और 35 लाख आबादी को मिलेगा लाभ

जनसंपर्क विभाग के अनुसार, यह परियोजना उज्जैन दक्षिण, घट्टिया, नागदा-खाचरौद, आलोट और जावरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। दो वर्ष में पूरी होने वाली इस परियोजना से करीब 35 लाख लोगों और 62 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।

फोरलेन मार्ग बनने से उज्जैन का दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधा संपर्क स्थापित होगा। सिंहस्थ-2028 के दौरान राजस्थान, गुजरात और देश के अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा भी अधिक सुगम होगी। साथ ही इंदौर, भोपाल और मालवा क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

औद्योगिक और कृषि विकास को मिलेगी गति

परियोजना के तहत 98.73 किलोमीटर ग्रीनफील्ड फोरलेन मार्ग के अलावा तीन रेल ओवरब्रिज, नौ बड़े पुल, 26 मध्यम पुल और 417 पुलियों का निर्माण किया जाएगा। जावरा बायपास पर दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज से महू–नीमच फोरलेन मार्ग तक दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाएगी।

सरकार का कहना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक, व्यापारिक और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, जबकि बेहतर सड़क संपर्क से यात्रा समय, ईंधन की खपत और परिवहन लागत में कमी आने के साथ सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख