30.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

मनीष पॉल की मां उर्मिल पॉल का निधन, मनोरंजन जगत में शोक की लहर

मुंबई। अभिनेता, एंकर और होस्ट मनीष पॉल की मां उर्मिल पॉल का निधन हो गया। वह 77 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मनीष पॉल और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

परिवार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उर्मिल पॉल का बुधवार को दिल्ली में निधन हुआ। मनीष पॉल की जनसंपर्क टीम ने बयान जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और इस कठिन समय में परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की।

मां को मानते थे अपनी पहली गुरु

मनीष पॉल अपनी मां के बेहद करीब थे। वह अक्सर सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीरें और भावुक संदेश साझा करते रहते थे। मदर्स डे 2025 के अवसर पर उन्होंने अपनी मां को अपनी पहली गुरु बताते हुए लिखा था कि बचपन से उन्होंने ही उनमें आत्मविश्वास जगाया और जीवन के हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। कई साक्षात्कारों में भी मनीष अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को देते रहे हैं।

रेडियो से शुरू हुआ था करियर

दिल्ली में रेडियो जॉकी के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले मनीष पॉल आज मनोरंजन जगत के लोकप्रिय एंकर और अभिनेता हैं। उन्होंने ‘झलक दिखला जा’, ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ और ‘सा रे गा मा पा’ जैसे चर्चित रियलिटी कार्यक्रमों की मेजबानी की है। अभिनय के क्षेत्र में उन्होंने फिल्म ‘मिकी वायरस’ से शुरुआत की और ‘जुगजुग जियो’ सहित कई फिल्मों में अपनी पहचान बनाई।

Related Articles

नवीनतम लेख