29.8 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार, 22 किलो मेथामफेटामाइन और हथियार बरामद

इम्फाल। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने उग्रवाद तथा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बीते 24 घंटे के दौरान दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही संयुक्त कार्रवाई में करीब 22 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (वाईवाई टैबलेट) और हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन केवाईकेएल के सक्रिय उग्रवादी ताखेल्लाम्बम ग्रेमीचंद उर्फ इनाओचा सिंह (52) को इम्फाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल, दो मैगजीन और 70 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

वहीं, प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय सदस्य अंगोम चिंगखेंगनबा मैतेई (27) को काकचिंग जिले के वैखोंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह उगाही की गतिविधियों में शामिल था।

22 किलो मेथामफेटामाइन और वाहन जब्त

इसी दौरान मणिपुर पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले में एक घर पर छापेमारी कर 19 पैकेटों में रखी लगभग 22 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (वाईवाई टैबलेट) बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया।

सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई

सुरक्षा बलों ने राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाशी अभियान और क्षेत्र प्रभुत्व अभियान भी जारी रखा। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदे 151 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। इसके अलावा पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों के विभिन्न जिलों में 114 नाका और जांच चौकियां स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख