कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में गुरुवार तड़के से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी तंत्र के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे के दौरान कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, खड़गपुर, विष्णुपुर, दांतन और नारायणगढ़ समेत कई इलाकों में बुधवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है। लगातार वर्षा के कारण कई निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। वहीं, कार्यालय, बाजार और विद्यालय जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुरुलिया और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
दीघा में समुद्र में उतरने पर रोक, मछुआरों को चेतावनी
पर्यटन स्थल दीघा और पूर्व मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण प्रशासन ने पर्यटकों के समुद्र में उतरने पर एहतियातन रोक लगा दी है। तटीय क्षेत्रों में लगातार माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। साथ ही मछुआरों को अगले आदेश तक गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
कोलकाता में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में दिनभर बादल छाए रहेंगे। महानगर में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा में 80 से 90 प्रतिशत तक नमी रहने के कारण उमस बनी रह सकती है। दोपहर और शाम के दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
