कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले का मुख्य आरोपित प्रभास मंडल मंगलवार देर रात पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। पुलिस के अनुसार, क्राइम सीन रिक्रिएट के दौरान उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
क्राइम सीन रिक्रिएट के दौरान हुई घटना
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12:45 बजे जांच टीम प्रभास मंडल को सूरजपुर स्थित घटनास्थल पर लेकर गई थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने एक राउंड फायरिंग भी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। गोली लगने से घायल प्रभास मंडल की अस्पताल में मौत हो गई।
रविवार को सूरजपुर क्षेत्र के एक तालाब से नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी सजा की मांग की थी।
एक और आरोपित गिरफ्तार, चार की हो चुकी गिरफ्तारी
जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि किशोरी को लापता होने से पहले प्रभास मंडल के साथ देखा गया था। पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे, जिनमें कथित तौर पर किशोरी एक युवक के साथ दिखाई दी थी। पुलिस ने युवक की पहचान प्रभास मंडल के रूप में होने का दावा किया था, हालांकि इन फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रभास मंडल सहयोग नहीं कर रहा था और लगातार भ्रामक जानकारी दे रहा था। इसी वजह से उसे घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम को दोबारा समझने की प्रक्रिया कराई जा रही थी।
इस बीच, विशेष कार्यबल, विशेष अभियान दल और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उत्तर 24 परगना के बशीरहाट क्षेत्र से कबीर मोल्ला को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या चार हो गई है। इससे पहले प्रभास मंडल, आनंद सरदार और दिवाकर सरदार को गिरफ्तार किया जा चुका था।
