इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलोचिस्तान प्रांत के जियारत जिले में सोमवार देर रात पुलिस चौकी पर हुए हमले में दो थाना प्रभारियों सहित नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाया, जिसमें 15 हमलावरों के मारे जाने का दावा किया गया। अधिकारियों के अनुसार हमलावर पांच पुलिसकर्मियों का अपहरण कर अपने साथ ले गए।
रातभर चली मुठभेड़, संयुक्त अभियान में 15 हमलावर ढेर
जियारत के पुलिस अधीक्षक अब्दुल कुदूस के अनुसार हमलावरों ने कच मांगी फेज-तीन क्षेत्र स्थित पुलिस चौकी को निशाना बनाया। सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच रातभर गोलीबारी होती रही। मृत पुलिस अधिकारियों में मांगी के थाना प्रभारी मोहम्मद हुसैन और कोवास के थाना प्रभारी सोहबत खान भी शामिल हैं। सभी मृतकों के शव जियारत जिला मुख्यालय अस्पताल भेजे गए हैं और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
बलोचिस्तान सरकार के सूचना सलाहकार शाहिद रिंद ने बताया कि हमले के बाद चलाए गए अभियान में 15 हमलावर मारे गए। इस अभियान में फ्रंटियर कॉर्प्स, बलोचिस्तान पुलिस, आतंकवाद निरोधक विभाग, विशेष अभियान शाखा और आतंकवाद निरोधक बल ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
हमले के बाद विरोध प्रदर्शन, राजमार्ग रहे जाम
पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने हमले की निंदा करते हुए मारे गए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ऐसे हमले आतंकवाद के खिलाफ देश के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।
घटना के बाद जियारत में स्थानीय कबीलों, परिवहन कारोबारियों और मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बलोचिस्तान को पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा से जोड़ने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर दिया, जिससे सैकड़ों यात्री बसें और मालवाहक वाहन लंबे समय तक फंसे रहे।
