28.3 C
Kolkata
Thursday, July 9, 2026

झारखंड चैम्बर एफजेसीसीआई एवं झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के बीच राज्य के युवाओं के कौशल विकास, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते पर एफजेसीसीआई की ओर से अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से मिशन निदेशक-सह-मुख्य परिचालन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार लाल ने हस्ताक्षर किए।

मुख्यमंत्री सारथी योजना के युवाओं को मिलेगा लाभ

समझौते के तहत मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित एवं प्रमाणित युवाओं को एफजेसीसीआई से जुड़े उद्योगों और प्रतिष्ठानों की आवश्यकताओं के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, कार्यस्थल प्रशिक्षण, अतिथि व्याख्यान तथा पाठ्यक्रम निर्माण में भी दोनों संस्थाएं मिलकर काम करेंगी।

यह समझौता प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकेगा।

एफजेसीसीआई अपने सदस्य उद्योगों और प्रतिष्ठानों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। साथ ही चयनित युवाओं को समय पर वेतन, न्यूनतम वेतनमान तथा बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

युवाओं और उद्योगों के लिए लाभकारी पहल

इस अवसर पर एफजेसीसीआई अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह साझेदारी झारखंड के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान कर गुणवत्तापूर्ण रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा और राज्य में रोजगार तथा औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

एफजेसीसीआई के महासचिव रोहित अग्रवाल ने विश्वास जताया कि झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के साथ यह सहयोग राज्य के युवाओं, उद्योग जगत और समग्र आर्थिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।

समारोह में एफजेसीसीआई की ओर से राम बंगार, प्रवीण लोहिया, प्रियंक भगत और आलोक कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से राजन श्रीवास्तव, अमित प्रजापति और राजीव खरे भी मौजूद थे।

Related Articles

नवीनतम लेख