मुंबई। डिज़्नी की बहुप्रतीक्षित लाइव-एक्शन फिल्म ‘मोआना’ 10 जुलाई को अंग्रेज़ी और हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहीं 19 वर्षीय अभिनेत्री कैथरीन लागाइया ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस फिल्म ने उन्हें न सिर्फ एक बेहतर कलाकार बनाया, बल्कि खुद पर भरोसा करना भी सिखाया। उन्होंने कहा कि मोआना के किरदार की तरह ही उन्होंने भी अपने डर पर जीत हासिल कर हर नए अवसर को अपनाना सीखा है।
‘रीफ से आगे बढ़ने’ का संदेश बना जीवन का सबक
कैथरीन ने बताया कि फिल्म में दादी ताला द्वारा मोआना को दिया गया संदेश— ‘रीफ से आगे बढ़ने’ (दायरे से बाहर निकलना) उनके खुद के जीवन का भी एक अहम सबक बन गया है। उनके अनुसार, कई बार जीवन हमें ऐसे अवसर देता है जिनसे हम शुरुआत में घबराते हैं, लेकिन वही मौके हमें हमारी असली मंजिल तक पहुंचाते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि काम शुरू करते वक्त वह काफी डरी हुई थीं, लेकिन इस खूबसूरत यात्रा ने उन्हें अधिक आत्मविश्वासी और साहसी बना दिया है।
ऑस्कर नामांकित फिल्म का लाइव-एक्शन रूपांतरण
यह फिल्म डिज़्नी की ऑस्कर-नामांकित एनिमेटेड फिल्म का लाइव-एक्शन रूपांतरण है। इस भव्य फिल्म का निर्देशन थॉमस कैल ने किया है, जबकि इसके निर्माताओं में ड्वेन जॉनसन, डैनी गार्सिया, ब्यू फ्लिन, हीरम गार्सिया और लिन-मैनुअल मिरांडा शामिल हैं। लिन-मैनुअल मिरांडा, ओपेटाइया फोआई और मार्क मैनसीना के शानदार संगीत से सजी ‘मोआना’ 10 जुलाई 2026 से पूरे भारत के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
