सीवान। महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नया सवेरा ऑपरेशन 3.0’ के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। दरौली थाना, महिला थाना और एक सामाजिक सेवा संस्थान की संयुक्त टीम ने दरौली प्रखंड के दोन स्थित विभिन्न आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने 3 नाबालिगों समेत कुल 11 लड़कियों को रेस्क्यू किया। मौके से दो आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार भी किया गया है।
न्यू पारी और पूजा आर्केस्ट्रा के संचालक गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर ‘न्यू पारी आर्केस्ट्रा एंड म्यूजिकल ग्रुप’ के संचालक रंजीत सिंह और ‘पूजा आर्केस्ट्रा’ के संचालक गणेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस और जांच एजेंसियां अब रेस्क्यू की गई सभी लड़कियों के असली नाम, पते और उम्र का सत्यापन करा रही हैं। इस बात की गहनता से जांच की जा रही है कि लड़कियों को किन परिस्थितियों में लाया गया था और इस मानव तस्करी (Human Trafficking) नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी, पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या बच्चों के शोषण की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए स्थानीय थाना, डायल 112 या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
