भागलपुर। जिले के नारायणपुर प्रखंड के बलहा गांव स्थित महादलित टोला (वार्ड संख्या 3) में जलजमाव और गंदगी ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण पूरी बस्ती टापू में तब्दील हो गई है, जिससे यहां रहने वाले लगभग 50 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हैं। सड़कों पर जमे गंदे पानी के कारण पूरे क्षेत्र में भीषण दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का अपने घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
घुटने भर पानी और सड़ांध से बच्चे हो रहे बीमार
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मोहल्ले की मुख्य सड़क पर घुटने तक पानी जमा है। इस दूषित पानी और सड़ांध के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बच्चों में लगातार संक्रमण और बीमारियां फैल रही हैं। ग्रामीणों ने डर जताया है कि यदि जल्द ही इस गंदगी को साफ नहीं किया गया, तो इलाके में कोई गंभीर महामारी फैल सकती है। महादलित टोला निवासी गौतम मलिक ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि हर साल बरसात के मौसम में ग्रामीणों को इसी नारकीय स्थिति से गुजरना पड़ता है।
जल निकासी का नहीं है कोई साधन, निजी भूमि बनी अड़चन
गौतम मलिक के अनुसार, इस पूरी बस्ती में जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) का कोई उचित साधन नहीं है। यदि पानी निकालने का कोई अस्थाई रास्ता बनता भी है, तो वह निजी भूमि से होकर गुजरता है। निजी जमीन होने के कारण भू-स्वामी वहां से पानी बहाने का विरोध करते हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से ग्रामीणों में आक्रोश
बस्ती के लोगों ने बताया कि मूलभूत सुविधाओं से वंचित इस टोले की बदहाली को लेकर उन्होंने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों से गुहार लगाई है। लिखित और मौखिक शिकायतों के बावजूद अब तक इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया है। प्रशासनिक बेरुखी के कारण स्थानीय महादलित परिवारों में गहरा आक्रोश है।
