नवादा। बिहार के नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कोनी पर मोहल्ला में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय नवविवाहिता ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतका की पहचान अर्जुन राम और सेवानिवृत्त शिक्षिका बच्ची कुमारी के छोटे पुत्र कुंदन कुमार की पत्नी सोनी कुमारी (21 वर्ष) के रूप में की गई है।
मासूम बेटी को पति के पास छोड़ दूसरे कमरे में गई थी मृतका
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की देर रात सोनी कुमारी अपनी तीन महीने की दुधमुंही बच्ची को सोई हुई अवस्था में पति के पास छोड़कर दूसरे कमरे में सोने चली गई थीं। मंगलवार की दोपहर तक जब उस कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में किवाड़ तोड़ा। कमरे के भीतर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए; सोनी कुमारी का शव दुपट्टे के फंदे से लटक रहा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र स्थित कुठौत (प्यारेपुर) गांव के गौतम राम की पुत्री थीं। उनकी शादी 25 मई 2025 को कुंदन कुमार के साथ हुई थी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की भनक लगते ही कौआकोल थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।
मायके वालों को दी गई सूचना, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष (शेखपुरा) को हादसे की आधिकारिक सूचना दे दी गई है। उनके नवादा पहुंचने और लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने एहतियातन पूछताछ के लिए मृतका के पति कुंदन कुमार को हिरासत में ले लिया है। नवविवाहिता ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तहकीकात कर रही है।
